Share

सोनू वालिया उनसे शादी शायद ना करती जिनसे इन्होंने की थी, अगर लता जी ना होती तो।

  • February 21, 2026
सोनू वालिया।

सोनू वालिया उनसे शादी शायद ना करती जिनसे इन्होंने की थी, अगर लता जी ना होती तो। वैसे तो जिनसे सोनू वालिया जी ने शादी की थी, प्रताप सिंह नामक एनआरआई से, उनसे वो डेटिंग कर ही रही थी। मगर तब तक शादी का उन्होंने नहीं सोचा था। लेकिन एक दिन जब लता जी ने प्रताप सिंह की तारीफ़ की तो सोनू वालिया जी को वो बात पसंद आ गई।

उन्होंने सोचा कि लता जी इस इंसान की तारीफ़ कर रही हैं। इससे बड़ा कॉम्पिलमेंट और क्या हो सकता है। इस तरह सोनू वालिया प्रताप सिंह के और ज़्यादा क्लॉज़ हो गई और आखिरकार उन्होंने प्रताप सिंह जी से शादी कर ली। शादी के बाद सोनू वालिया अमेरिका चली गई और वहीं रही कुछ सालों तक।

सोनू वालिया की खुद की कोई संतान नहीं है। लेकिन अपने देवर के बच्चों व अपनी बहन की बेटी को ही सोनू वालिया अपने बच्चों जैसा मानती हैं। साल 2009 में सोनू वालिया जी के पति प्रताप सिंह का देहांत हो गया था। तो लता जी ने सोनू वालिया के हसबैंड प्रताप सिंह की तारीफ़ क्यों की थी? एक गाने के लिए की थी।

जी हां, सोनू वालिया के हसबैंड को भी फ़िल्मों में बहुत दिलचस्पी थी। वो साउथ की कुछ फ़िल्मों में एक्टिंग भी कर चुके थे। और फ़िल्मों के लिए उन्होंने अपना नाम प्रताप सिंह से सूर्य प्रताप सिंह कर लिया था। एक फ़िल्म में सूर्य प्रताप जी ने गाना गाया था। इत्तेफ़ाक से वो गाना किसी ने लता जी को भी सुनवाया। तब लता जी ने सूर्य प्रताप सिंह जी की तारीफ़ में कहा था कि आप जीनियस हैं।

जब लता जी ने सूर्य प्रताप सिंह जी को ये कॉम्पिलमेंट दिया था तब सोनू वालिया भी वहां थी। सोनू तब सूर्य प्रताप सिंह जी की गर्लफ्रेंड हुआ करती थी। सोनू वालिया भी लता जी की बहुत बड़ी फ़ैन थी, उनका बहुत सम्मान करती थी। इसलिए लता जी से अपने बॉयफ्रेंड की प्रशंसा सुनने पर सोनू वालिया बहुत खुश हुई थी। एक इंटरव्यू में सोनू वालिया जी ने बताया था कि वो लता जी से जब भी मिलती थी, लता जी उनसे बहुत अच्छे से मिला करती थी।

सोनू वालिया लता जी से कहती थी कि काश मैं भी आपके जैसा गा पाती। लेकिन इस जनम में तो मैं आपके रत्ती भर बराबर भी नहीं गा सकती। जब लता जी का देहांत हुआ था तब सोनू वालिया ने कहा था कि उन्हें यकीन नहीं हो पा रहा है कि लता जी अब नहीं रही। उन्हें लगता था जैसे लता जी तो हमेशा रहेंगी।

आज एक्ट्रेस सोनू वालिया का जन्मदिन है। 19 फ़रवरी 1964 को सोनू वालिया का जन्म हुआ था। सोनू वालिया स्कूल के दिनों से ही स्टेज पर एक्टिंग करने लगी थी। पहले तो शौकियाना एक्टिंग करती थी। लेकिन दोस्तों ने मोटिवेट किया तो एक्टिंग को गंभीरता से लेने लगी।

चूंकि दिखने में खूबसूरत थी, अच्छी खासी कदकाठी थी इनकी, तो मॉडलिंग भी करने लगी। और एक दिन मिस इंडिया भी बन गई। 1988 में आई खून भरी मांग सोनू वालिया की पहली फ़िल्म थी। हालांकि बतौर सबसे पहले इन्होंने साइन की थी आकर्षण जो खून भरी मांग के कुछ दिनों बाद ही रिलीज़ हुई थी। सोनू वालिया जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। #sonuwalia #HappyBirthdaySonuWalia #LataMangeshkar